हिमाचल की राजनीति छोड़ हरियाणा में रामपाल की शरण में पहुंचे कांग्रेस के यह दिग्गज नेता, VIDEO ने बढ़ाई सियासी हलचल
हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर का संत रामपाल से मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की बात कही और पत्नी के स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद मांगा।
➤ 8 बार विधायक और 4 बार मंत्री रहे कौल सिंह ठाकुर संत रामपाल के आश्रम पहुंचे
➤ वीडियो में बोले- राजनीति से संन्यास लेकर अब भक्ति के मार्ग पर चलना चाहता हूं
➤ पत्नी के स्वास्थ्य के लिए मांगा आशीर्वाद, सोशल मीडिया पर तेज हुई चर्चा
हिमाचल की सियासत में दशकों तक बड़ा चेहरा रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर अब एक अलग वजह से सुर्खियों में हैं। हरियाणा में संत रामपाल के आश्रम पहुंचकर उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की इच्छा जताई और आध्यात्मिक जीवन अपनाने की बात कही। मुलाकात का वीडियो सामने आते ही राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। आखिर इस मुलाकात में क्या-क्या हुआ और क्यों इस पर इतनी चर्चा हो रही है, जानिए पूरी कहानी...
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर इन दिनों अपने किसी राजनीतिक बयान को लेकर नहीं, बल्कि हरियाणा स्थित संत रामपाल के आश्रम पहुंचने को लेकर सुर्खियों में हैं। संत रामपाल के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से साझा किए गए वीडियो में कौल सिंह ठाकुर अपने परिवार के साथ आश्रम पहुंचे और संत रामपाल से मुलाकात की। वीडियो वायरल होने के बाद यह मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
वीडियो में गिनाया अपना लंबा राजनीतिक सफर
वीडियो में कौल सिंह ठाकुर बताते हैं कि उन्होंने आठ बार विधायक, चार बार मंत्री, एक बार विधानसभा अध्यक्ष और दो बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारियां निभाई हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अब वह सक्रिय राजनीति से संन्यास लेकर आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ना चाहते हैं।
पत्नी के स्वास्थ्य के लिए मांगा आशीर्वाद
मुलाकात के दौरान कौल सिंह ठाकुर अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मौजूद रहे। उन्होंने संत रामपाल से अपनी पत्नी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद देने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने संत रामपाल को हिमाचली टोपी भेंट की, जबकि उनकी पत्नी ने हिमाचल के ऑर्गेनिक फल भेंट किए।
भक्ति मार्ग अपनाने की दी सलाह
वीडियो में संत रामपाल कौल सिंह ठाकुर को दीक्षा लेकर भक्ति मार्ग अपनाने की सलाह देते दिखाई देते हैं। वहीं कौल सिंह ठाकुर ने संत रामपाल को हर वर्ष मई और जून में हिमाचल आने का निमंत्रण भी दिया।
वीडियो वायरल, राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, लोगों ने इसे अलग-अलग नजरिए से देखना शुरू कर दिया। कोई इसे कौल सिंह ठाकुर के जीवन का नया अध्याय बता रहा है तो कोई इसे उनके आध्यात्मिक झुकाव से जोड़कर देख रहा है। हालांकि इस मुलाकात के बाद कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Akhil Mahajan