समाज सेवा समिति अस्पताल की नई मैनेजमेंट गठित, रमेश मित्तल को सौंपी गई कमान
समालखा में समाज सेवा समिति अस्पताल का त्रिवार्षिक चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। रमेश मितल नए प्रधान चुने गए जबकि अन्य पदाधिकारी भी सर्वसम्मति से नियुक्त हुए। पूर्व प्रधान श्रीप्रकाश बंसल ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
➤ समाज सेवा समिति अस्पताल का त्रिवार्षिक चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न
➤ रमेश मितल बने नए प्रधान, श्याम लाल गोयल, दीपक चौपड़ा व निशांत गुप्ता उपप्रधान चुने गए
➤ पूर्व प्रधान श्रीप्रकाश बंसल ने नई प्रबंधन टीम को शुभकामनाएं दीं
समालखा,अशोक शर्मा
समालखा में समाज सेवा समिति अस्पताल का त्रिवार्षिक चुनाव रविवार को रिटर्निंग ऑफिसर अनिल बंसल की देखरेख में सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। चुनाव में नई प्रबंधन समिति का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से रमेश मितल को प्रधान चुना गया।
इसके साथ ही श्याम लाल गोयल, दीपक चौपड़ा और निशांत गुप्ता उपप्रधान बनाए गए। श्याम लाल ब्रेजा को सचिव, राजेंद्र गर्ग को संयुक्त सचिव, राकेश बंसल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं प्रदीप बंसल, विनोद सिंगला, सत्यनारायण बंसल, नीरज गोयल, वेद प्रकाश गुप्ता, नरेश गोयल, श्रीनिवास तायल, सचिन, रमेश बंसल, संदीप गर्ग और राहुल गर्ग को कार्यकारी सदस्य मनोनीत किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समाज के गणमान्य लोगों ने नवनियुक्त प्रधान रमेश मितल का फूलमालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर रमेश मितल ने समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गौरव का क्षण है कि समाज ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने वादा किया कि वह समिति के हित और उत्थान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
सचिव श्याम ब्रेजा ने पूर्व प्रधान श्रीप्रकाश बंसल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सरल स्वभाव और मीठी वाणी से समिति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वहीं, पूर्व प्रधान श्रीप्रकाश बंसल ने भी इस मौके पर संबोधित करते हुए कहा कि डॉक्टर की मीठी वाणी रोगी के कष्ट कम करने में बड़ी भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार डॉक्टर अपने व्यवहार से रोगियों को निरोगी बना सकता है, उसी तरह समिति भी समाज सेवा के माध्यम से नई ऊंचाइयों को छूएगी।
श्रीप्रकाश बंसल ने नवनियुक्त प्रधान रमेश मितल और नई प्रबंधन टीम को निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इस अस्पताल से हजारों लोग स्वास्थ्य लाभ ले सकेंगे और समिति सेवा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करेगी।