भ़डारे से लौटते वक्त सोनीपत के तीन हलवाइयों की मौत, कार ने मारी टक्कर
रोहतक में बोहर-भालौठ गांव के बीच सड़क हादसा। सोनीपत के तीन हलवाइयों की मौत। बाबा श्याम भंडारे से लौटते समय कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। आरोपी चालक फरार, पुलिस ने केस दर्ज किया।
➤ रोहतक में दर्दनाक सड़क हादसा तीन हलवाइयों की मौत सोनीपत से लौटते समय कार ने मारी टक्कर
➤ बाबा श्याम के भंडारे से लौट रहे थे तीनों मृतकों की पहचान ईश्वर, धर्मेंद्र और राहुल के रूप में हुई
➤ बोहर-भालौठ गांव के बीच हुआ हादसा आरोपी कार चालक फरार पुलिस ने शुरू की तलाश
हरियाणा के रोहतक जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सोनीपत जिले के तीन हलवाइयों की मौत हो गई। ये तीनों बाबा श्याम के भंडारे में मिठाई बनाने का काम कर रोहतक के खरावड़ गांव से वापस लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे तीनों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान ईश्वर सिंह (60), धर्मेंद्र (45) और राहुल (28) के रूप में हुई है — तीनों सोनीपत शहर के वार्ड नंबर-1 सुंदर सांवरी क्षेत्र के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार हादसा रोहतक के बोहर और भालौठ गांव के बीच सोनीपत रोड पर हुआ।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईश्वर सिंह और धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल को गंभीर हालत में PGI रोहतक में भर्ती कराया गया, जहां उसने रविवार सुबह दम तोड़ दिया।
IMT थाना प्रभारी पंकज ने बताया कि कार और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है तथा आरोपी चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल चालक फरार है और उसकी तलाश जारी है।
परिजनों का कहना है कि तीनों हलवाई कई सालों से धार्मिक आयोजनों में खाना और मिठाई बनाने का ठेका लेते थे। दो दिन पहले ही वे रोहतक के खरावड़ गांव गए थे। भंडारा समाप्त होने के बाद जब लौट रहे थे तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ।
Author1