दो स्कूल बसों की टक्कर, 6 बच्चे घायल, मची चीखो पुकार
रोहतक के लाखनमाजरा में दो स्कूल बसों की टक्कर में 6 बच्चे और दोनों ड्राइवर घायल हुए। घायलों का PGI में इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज किया।
-
रोहतक में दो प्राइवेट स्कूल बसों की टक्कर
-
6 बच्चे और दोनों ड्राइवर घायल, PGI में चल रहा इलाज
-
डीसी सचिन गुप्ता पहुंचे, पुलिस ने जांच शुरू की
हरियाणा के रोहतक में सोमवार सुबह बड़ा हादसा होने से टल गया। लाखनमाजरा बाईपास पर दो प्राइवेट स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। एक बस में करीब 15 बच्चे सवार थे, जबकि दूसरी बस में शादी से लौट रहे बाराती बैठे थे। हादसे में बच्चों सहित कुल 8 लोग घायल हुए।
सूचना के बाद दमकल, पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बस में फंसे बच्चों को निकालकर रोहतक PGI पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है।
स्कूल बस ड्राइवर के मुताबिक, ग्लोबल स्कूल की बस ने कट से यू-टर्न लिया तभी शाहपुर स्कूल की बस ने तेज गति में आकर बीच में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ग्लोबल स्कूल बस सड़क पर पलट गई, जबकि दूसरी बस आगे से बुरी तरह टूट गई। बच्चों में चीख-पुकार मच गई और लोग घबरा गए।
डीसी सचिन गुप्ता ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि ग्लोबल बस में सवार दो बच्चों—11 वर्षीय वान्या और 11 वर्षीय अभि को सिर व हाथ में चोट आई है। वहीं दूसरी बस में सवार ज्योति (27) और हिमांशु (11) घायल हुए। दोनों बसों के ड्राइवर भी घायल हैं।
थाना लाखनमाजरा SHO समरजीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में लापरवाही से बस चलाना हादसे की वजह प्रतीत हो रहा है। ड्राइवरों के बयान दर्ज किए जाएंगे और दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Author1