चौटाला ने जेल से गुंडागर्दी के रैकेट चलाए, आरक्षण के विरोध में हरियाणा जलवाया: जागड़ा
रोहतक में गीता जयंती समारोह में सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने अभय चौटाला पर तीखा हमला किया। बोले—जेलों से गुंडागर्दी चलाते थे, सरकार गुंडों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
• रोहतक जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह में पहुंचे राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा
• इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला पर तीखा हमला—जेलों में गुंडागर्दी का रैकेट चलाने का आरोप
• बोले—हरियाणा सरकार गुंडों पर कड़ा एक्शन ले रही, रोज पकड़े जा रहे और बाजार में निकाले जा रहे जुलूस
रोहतक में आयोजित जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह में रविवार को राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला पर सीधा हमला बोला। जांगड़ा ने कहा कि एक रिटायर्ड IPS अधिकारी ने चौटाला की पोल खोल दी है, इसलिए अब उनके बारे में कुछ कहना भी उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभय चौटाला ने जेलों में गुंडों को बैठाकर गुंडागर्दी के रैकेट चलाए हैं। ऐसे व्यक्ति को आज किसी पर उंगली उठाने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने 1990 के मंडल कमीशन विरोध आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय ओपी चौटाला की सरकार ने पूरे हरियाणा को जलवाया था, और प्रदेश में जिस तरह की गुंडागर्दी का माहौल था, उसे लोग आज भी नहीं भूल पाए हैं। जांगड़ा ने कहा कि आलोचना करने से पहले अभय चौटाला को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए।
सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश से गुंडागर्दी मिटाने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है। गुंडा तत्वों को रोजाना पकड़कर सिर मुंडवाकर, घाघरी पहनाकर बाजारों में जुलूस निकाला जा रहा है और उनकी टांगों में गोली मारी जा रही है। यह एक लंबी बीमारी थी, जिसका इलाज अब शुरू हो चुका है और समाज में से भय समाप्त किया जा रहा है।
खेल सुविधाओं और हाल के विवादों पर प्रतिक्रिया देते हुए जांगड़ा ने कहा कि विपक्ष का काम केवल आरोप लगाना है। लेकिन घटनाओं के बाद खेल मंत्री खुद मैदान में हैं और प्रदेश की सभी खेल नर्सरी व स्टेडियमों की रिपोर्ट मांगी गई है ताकि ऐसी घटनाएं दुबारा न हों। उन्होंने कहा कि हरियाणा की खेल नीति और सुविधाएं मजबूत हैं, इसलिए देशभर में हरियाणा के खिलाड़ियों के सबसे ज्यादा मेडल आते हैं।
गीता जयंती समारोह में कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रागनी कार्यक्रम पेश किए। जांगड़ा ने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम युवाओं को गीता का महत्व समझाने का माध्यम हैं, और गीता का संदेश समाज को सही दिशा देने का कार्य करता है।
Author1