सरकारी अस्पताल में 14 साल की लड़की बच्चे को जन्म देकर गायब, अस्पताल में मचा हड़कंप
पानीपत में 14 वर्षीय नाबालिग ने सिविल अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल ने पुलिस और बाल कल्याण समिति को दी सूचना। लड़की इसराना के ईंट भट्टे पर करती थी काम।
-
पानीपत में 14 वर्षीय नाबालिग ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया
-
अस्पताल ने पुलिस और बाल कल्याण समिति को दी सूचना
-
रात में लड़की अस्पताल से हुई थी गायब, पुलिस ने ढूंढकर दोबारा भर्ती कराया
पानीपत के सिविल अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब महज 14 साल की एक लड़की ने बच्चे को जन्म दिया। परिजनों ने प्रसव पीड़ा होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन डॉक्टरों ने दस्तावेज जांचे तो पता चला कि लड़की नाबालिग है। इस जानकारी के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और बाल कल्याण समिति को सूचना दी।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष केदार दत्त कौशिक ने बताया कि नाबालिग लड़की इसराना क्षेत्र के एक ईंट भट्टे पर काम करती है। देर रात वह अचानक अस्पताल से गायब हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने खोजबीन कर उसे वापस अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि लड़की के परिवार के लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले हैं और पिछले चार साल से पानीपत के इसराना क्षेत्र में रह रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही इसराना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। एएसआई बलवान सिंह ने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि भर्ती मरीजों की सुरक्षा और निगरानी में कोई चूक न हो। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं और पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
बाल कल्याण समिति ने पुलिस को मामले की गहन जांच करने के आदेश दिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नाबालिग गर्भवती कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। फिलहाल लड़की और नवजात दोनों को चिकित्सा निगरानी में रखा गया है और उनका इलाज जारी है।
Author1