हरियाणा में हिमाचल IG की पत्नी और बेटे पर FIR : आरोप लाल बत्ति गाड़ी थार के आगे लगाई, बेसबॉल बैट से शीशे तोड़े; बोले- कुछ नहीं बिगाड़ सकते, जानें पूरा मामला
पंचकूला के अमरावती एन्क्लेव में हिमाचल के आईजी के नाबालिग बेटे और उनकी पत्नी समेत 15-20 लोगों पर थार गाड़ी रोककर तोड़फोड़, धमकी और मारपीट के आरोप में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
■ लाल-नीली बत्ती लगी स्कॉर्पियो से थार को रोका
■ नाबालिग पर बेसबॉल बैट से शीशे तोड़ने का आरोप
■ आईजी की पत्नी समेत 15-20 पर BNS धाराओं में केस दर्ज
पंचकूला के अमरावती एन्क्लेव में शनिवार देर शाम कथित रसूख और रौब की लड़ाई सड़क पर उतर आई, जब हिमाचल प्रदेश पुलिस के आईजी के नाबालिग बेटे और सुरक्षाकर्मियों पर एक परिवार की थार गाड़ी रोककर बेसबॉल बैट से शीशे तोड़ने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे। पीड़िता अनुपम धनवान की शिकायत पर पिंजौर थाने में आईजी की पत्नी शालू गुप्ता और उनके नाबालिग बेटे समेत 15-20 अज्ञात सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि लाल-नीली बत्ती लगी बिना नंबर की स्कॉर्पियो ने हूटर बजाते हुए उनकी थार का पीछा किया, आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोका और इसके बाद हाथ में बेसबॉल बैट लिए युवक ने गाड़ी पर ताबड़तोड़ वार किए।
पीड़िता के अनुसार, वह अपने पति मनीष धनवान और बच्चों के साथ थार में घूमकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पुलिस की नीली लाइट लगी स्कॉर्पियो ने उनका पीछा किया। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने थार के आगे गाड़ी अड़ा दी। इसके बाद एक युवक बेसबॉल बैट लेकर उतरा और सीधे थार के शीशों पर वार करने लगा। गाड़ी के अंदर बैठे बच्चे डर के मारे लॉक हो गए, लेकिन शीशे टूटने से वे सहम गए।
अनुपम का आरोप है कि मौके पर मौजूद महिला, जो आरोपी की मां बताई जा रही है, ने भी आकर उनके पति और बच्चों को गालियां दीं और धमकाया कि “तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।” विरोध करने पर युवक ने कथित तौर पर एक बच्चे की गर्दन पकड़ ली। शोर सुनकर पड़ोसी बाहर आए तो स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि आरोपी ने अपनी स्कॉर्पियो से पीड़िता को टक्कर मारने की भी कोशिश की।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवक हिमाचल पुलिस के आईजी का बेटा है और उसके साथ 10 से 15 सुरक्षाकर्मी हथियारों सहित मौजूद थे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सभी ने शराब पी रखी थी। घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।
आईजी की पत्नी और बेटे पर लगी ये धाराएं
अनुपम ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी सोसाइटी और स्कूल के बच्चों के साथ मारपीट कर चुका है। उनके बच्चे अरावली इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ते हैं, जहां भी आरोपी रौब जमाता है। 7 अप्रैल 2025 को भी इसी तरह की शिकायत दी गई थी, लेकिन तब समझौता हो गया था।
अमरावती चौकी प्रभारी एसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर धारा 191(3), 190, 115(2), 126(2), 324(4), 351(2) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan