तेज रफ्तार कार का कहर, दो युवकों की मौत

वैगनआर कार की टक्कर से दो युवकों की मौत। चालक कार छोड़कर फरार, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तेज रफ्तार कार का कहर, दो युवकों की मौत

■ तेज रफ्तार वैगनआर की टक्कर से दो मजदूर युवकों की मौत
■ कार चालक वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने केस दर्ज किया
■ पिंगोड गांव के पास देर रात हुआ दर्दनाक हादसा


हरियाणा के पलवल जिले में बामनीखेड़ा-हसनपुर मार्ग पर पिंगोड गांव के पास शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई। दोनों युवक मजदूरी करने के लिए भूपगढ़ जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कार के नीचे फंस गए। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सदर थाना प्रभारी सुंदरपाल के अनुसार पिंगोड गांव निवासी नाजिम ने शिकायत में बताया कि 28 फरवरी की देर रात वह अपने भाई काशिम के साथ बाइक से चिनाई के काम के लिए भूपगढ़ जा रहा था। उनसे आगे दूसरी बाइक पर उसका छोटा भाई सोहिल और उसका साथी सलमान बेलदारी के काम के लिए निकले थे। पिंगोड गांव पार कर कोली वाले मंदिर से थोड़ा आगे पहुंचते ही सामने से आ रही सफेद रंग की वैगनआर कार के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सोहिल और सलमान की बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कार के नीचे फंस गए। परिजनों और राहगीरों ने मिलकर उन्हें बाहर निकाला और तुरंत जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सोहिल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सलमान को पहले हायर सेंटर रेफर किया गया और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच में आरोपी चालक की पहचान भूपगढ़ गांव निवासी त्रिलोक के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में शोक की लहर है और लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।