ओवरलोडेड वाहनों से परेशान ग्रामीणों ने हाईवे 7 पर लगाया जाम

इंद्री के गांव गढ़ी बीरबल में ओवरलोडेड वाहनों से परेशान ग्रामीणों ने हाईवे 7 पर जाम लगाया। प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है।

ओवरलोडेड वाहनों से परेशान ग्रामीणों ने हाईवे 7 पर लगाया जाम
  • ओवरलोडेड वाहनों से परेशान ग्रामीणों ने हाईवे नंबर 7 किया जाम
  • इंद्री हलके के गांव गढ़ी बीरबल में दरी बिछाकर सड़क पर बैठे ग्रामीण
  • प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम, समाधान नहीं हुआ तो कड़ा कदम


इंद्री हलके के गांव गढ़ी बीरबल में ओवरलोडेड वाहनों की आवाजाही से परेशान ग्रामीणों ने हाईवे नंबर 7 पर जाम लगा दिया। ग्रामीण दरी बिछाकर सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण मनजीत सिंह ने बताया कि हाईवे पर रोजाना हजारों की संख्या में ओवरलोडेड वाहन गुजरते हैं, जिससे गांव में लगातार परेशानी बनी हुई है। इन वाहनों की वजह से कई बार बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं निकला। मजबूर होकर आज उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे और कड़ा कदम उठाएंगे।

जाम की सूचना मिलते ही इंद्री डीएसपी सतीश गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। डीएसपी ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या को आला अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है और जल्द समाधान का भरोसा दिया गया है।

प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल प्रदर्शन समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।