22 करोड़ के गबन में फंसी हरियाणा की यह अफसर, ठेकेदार संग गिरफ्तार

हरियाणा के नूंह की BDPO पूजा शर्मा और ठेकेदार हीरालाल को ACB ने 22 करोड़ रुपए के गबन और रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया। जांच में फर्जी बिल, भाई की फर्म को भुगतान और पौधारोपण में धोखाधड़ी का खुलासा।

22 करोड़ के गबन में फंसी हरियाणा की यह अफसर,  ठेकेदार संग गिरफ्तार
  • एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने नूंह की BDPO पूजा शर्मा और ठेकेदार हीरालाल को गिरफ्तार किया।
  • बिना विकास कार्य किए नकली बिल लगाकर 22 करोड़ रुपए का गबन, 17 करोड़ ठेकेदार को भुगतान।
  • पेड़-पौधों, पंचायत खाते और भाई की फर्म के नाम पर करोड़ों की हेराफेरी उजागर।

फरीदाबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नूंह के पुन्हाना में तैनात BDPO पूजा शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ ठेकेदार हीरालाल भी पकड़ा गया।

पूजा शर्मा पर आरोप है कि उसने 2020 में कोरोना काल के दौरान पुन्हाना के गांव मुजेड़ी में कार्यवाहक सरपंच और ग्राम सचिव के साथ मिलकर 22 करोड़ रुपए का गबन किया। जांच में सामने आया कि बिना विकास कार्य किए नकली बिल लगाकर 17.14 करोड़ रुपए का भुगतान हीरालाल की कंपनी को किया गया।

BDPO और ठेकेदार को गाड़ी में बैठाती एसीबी की टीम।

जांच में ये भी सामने आया कि पूजा ने फर्म रसिक बिहारी इंफ्राटेक एंड कंस्ट्रक्शन से भुगतान कराने के एवज में 9 लाख रुपए रिश्वत ली। वहीं नवंबर 2020 में पेड़ पौधों के नाम पर 43 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई।

मामले की शुरुआत अप्रैल 2021 में हुई, जब फरीदाबाद के तत्कालीन डीसी यशपाल यादव ने FIR दर्ज कराई। जांच में पाया गया कि पंचायत को करोड़ों की वित्तीय हानि पहुंचाई गई। कई काम नहीं कराए गए लेकिन सस्ते सामान को महंगा दिखाकर उसका पैसा निकाल लिया गया।

BDPO और ठेकेदार को गाड़ी में बैठाती एसीबी की टीम।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूजा ने अपने सगे भाई की फर्म ‘शिव गंगा कॉन्ट्रैक्टर’ को फायदा पहुंचाने के लिए 70 लाख रुपए के चेक कटवाए। पहले पूजा शर्मा को सस्पेंड किया गया था, लेकिन बाद में हाईकोर्ट से आदेश लाकर उसने ड्यूटी जॉइन कर ली। फिलहाल वह BDPO पुन्हाना का चार्ज संभाल रही थी। ACB की गिरफ्तारी के बाद पंचायत विभाग और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।