हरियाणा में एसीबी की रेड: एएसआई और मुंशी रिश्वत लेते अरेस्ट

नूंह की जयसिंहपुर चौकी में एएसआई और मुंशी को ट्रक सुपुर्दगी के लिए 9500 रुपए रिश्वत मांगने पर एसीबी गुरुग्राम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जांच जारी है।

हरियाणा में एसीबी की रेड: एएसआई और मुंशी रिश्वत लेते अरेस्ट


• नूंह की जयसिंहपुर चौकी में ASI और मुंशी 9500 की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए
• एसीबी गुरुग्राम ने शिकायत मिलने पर रेड कर दोनों को मौके से काबू किया
• अवैध पार्किंग में जब्त ट्रक को छुड़ाने के नाम पर मांगे थे पैसे



नूंह जिले की जयसिंहपुर चौकी में तैनात एएसआई राजबीर सिंह और मुंशी घनश्याम को एंटी करप्शन ब्यूरो गुरुग्राम की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामले के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार 22 नवंबर को अवैध पार्किंग में खड़े एक ट्रक का एएसआई राजबीर ने चालान कर दिया था। ट्रक को बाद में चौकी में जब्त कर लिया गया। मंगलवार को ट्रक मालिक इसे कोर्ट के माध्यम से छुड़ाने के लिए पहुंचा तो एएसआई ने उससे 9000 रुपए की मांग कर दी। वहीं मुंशी घनश्याम ने 500 रुपए चाय-पानी के नाम पर मांगे।

शिकायतकर्ता ने पूरी बात एंटी करप्शन ब्यूरो को पहले ही बता दी थी। तय योजना के अनुसार जैसे ही उसने पैसे दिए, एसीबी की टीम ने मौके पर रेड कर दोनों को पकड़ लिया।

एसीबी टीम ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हालांकि टीम ने अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। उधर, चौकी प्रभारी ने बताया कि कार्रवाई की जानकारी उन्हें सीमित रूप से मिली है क्योंकि रेड के समय वे चौकी में मौजूद नहीं थे।