NIA की बड़ी कार्रवाई, गन हाउस संचालक बाप-बेटा हिरासत में
NIA ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बड़े स्तर पर छापेमारी की। कालड़ा गन हाउस संचालक बाप-बेटे को अवैध गोला-बारूद तस्करी मामले में पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया। दिल्ली ब्लास्ट केस से तार जुड़ने की जांच।
- कुरुक्षेत्र में NIA की छापेमारी
- बाप-बेटा हिरासत में, पटना ले जाया गया
- अवैध गोला-बारूद तस्करी व आतंकी नेटवर्क से जुड़ाव की जांच
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) पटना की टीम ने गुरुवार सुबह शाहाबाद में ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित कालड़ा गन हाउस के संचालक विजय कालड़ा के घर और दफ्तर पर छापेमारी की। टीम ने लगभग 17 घंटे तक जांच अभियान चलाया और देर रात बाप-बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए पटना रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध गोला-बारूद और हथियारों की तस्करी नेटवर्क के मामले में की गई है, जिसके तार उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार के विभिन्न जिलों तक फैले बताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि यह नेटवर्क आतंकी मॉड्यूल को सप्लाई चेन उपलब्ध करवा सकता है।
NIA ने सुबह लगभग 5 बजे छापेमारी शुरू की। पहले घर की तलाशी ली गई, फिर देवी मंदिर रोड स्थित दफ्तर पर रेड की गई। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान टीम को असला और महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। इसके बाद NIA ने संचालक विजय कालड़ा और उनके छोटे बेटे यश कालड़ा को हिरासत में लिया, जबकि बड़ा बेटा लक्ष्य कालड़ा मौके से फरार बताया जा रहा है।
पूरी कार्रवाई NIA के एडिशनल एसपी राघव वशिष्ठ की अगुवाई में हुई। सुरक्षा के लिए कुरुक्षेत्र पुलिस के 24 जवान तैनात किए गए, हालांकि एजेंसी ने अपनी कार्रवाई से संबंधित कोई आधिकारिक बयान साझा नहीं किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह जांच दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट केस से जुड़े संभावित सुरागों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। NIA यह पता लगाने में जुटी है कि ब्लास्ट मामले के आरोपियों का इस नेटवर्क से सीधा या परोक्ष संबंध है या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, आगे भी कार्रवाई जारी रहने की संभावना है और एजेंसी जल्द नई जानकारी जारी कर सकती है।
Author1