हरियाणा में आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 21 IAS और 42 HCS अफसरों के तबादले, 2 मंडलों के कमिश्नर बदले
हरियाणा में देर रात 21 IAS और 42 HCS अधिकारियों के तबादले, दो मंडलों के कमिश्नर बदले, कई को नई जिम्मेदारियां मिलीं।
■ 21 IAS और 42 HCS अधिकारियों के तबादले एक साथ
■ हिसार और गुरुग्राम मंडल के नए कमिश्नर नियुक्त
■ अमित अग्रवाल को KBD की जिम्मेदारी, कई को अतिरिक्त प्रभार
हरियाणा सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 आईएएस और 42 एचसीएस अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए हैं। यह तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कई जिलों और विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है, वहीं कई अधिकारियों को नई पोस्टिंग के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इस फेरबदल में दो महत्वपूर्ण मंडलों के कमिश्नर बदले गए हैं। आईएएस गीता भारती को हिसार मंडल का कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जबकि आईएएस रवि प्रकाश गुप्ता को गुरुग्राम मंडल की कमान सौंपी गई है। रवि प्रकाश गुप्ता के पास शहरी संपदा विभाग के सचिव का दायित्व पहले की तरह बना रहेगा।
सीनियर आईएएस अधिकारी अमित कुमार अग्रवाल को कुरुक्षेत्र डेवलपमेंट बोर्ड (KBD) का मेंबर सेक्रेटरी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी गई हैं। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही उन्हें फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी का प्रशासक नियुक्त किया गया था और अब उन्हें नई जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है।
अन्य प्रमुख नियुक्तियों में आईएएस सत्येंद्र दुहान को स्किल डेवलपमेंट एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग विभाग का डायरेक्टर बनाया गया है, साथ ही वे एडिशनल सेक्रेटरी का कार्यभार भी संभालेंगे। आईएएस सतबीर सिंह को फायर सर्विसेज हरियाणा का डायरेक्टर और आयुष्मान भारत हरियाणा हेल्थ प्रोटेक्शन अथॉरिटी का सीईओ नियुक्त किया गया है। वहीं वंदना डिसोदिया को गृह विभाग (होम-I और होम-II) की सचिव और हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया है।
युवा आईएएस अधिकारियों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। अंजलि श्रोत्रिया को फरीदाबाद में एडीसी नियुक्त किया गया है, अंकित कुमार चौकसे को पानीपत में एडीसी बनाया गया है। उत्सव आनंद को हिसार और डॉ. राहुल रैया को करनाल में एडीसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा नूंह, झज्जर, महेंद्रगढ़, सिरसा और अंबाला जैसे जिलों में भी बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं।
एचसीएस अधिकारियों में भी बड़े फेरबदल किए गए हैं। अजय चोपड़ा को सोनीपत में एडीसी और जिला परिषद सीईओ बनाया गया है, जबकि परमजीत चहल को फरीदाबाद नगर निगम में एडिशनल कमिश्नर नियुक्त किया गया है। संजय कुमार को कैथल में एसडीओ (सिविल) और प्रदीप अहलावत को चरखी दादरी में जिला परिषद सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बड़े प्रशासनिक बदलाव के बाद अब प्रदेश में शासन और प्रशासनिक कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
Akhil Mahajan