गैंगस्टर गोदारा-गोल्डी बोली- देश का गद्दार है लॉरेन्स, भाई बचाने को अमेरिका का खबरी बना
पंजाब और हरियाणा के कुख्यात लॉरेंस गैंग में दो फाड़, रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ ने लॉरेंस पर अमेरिकी एजेंसियों को जानकारी देने और अन्य अपराधियों की मुखबिरी करने के गंभीर आरोप लगाए।
➤ लॉरेंस गैंग दो हिस्सों में बंटा, रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ ने लॉरेंस पर गंभीर आरोप लगाए
➤ सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि लॉरेंस देश का सबसे बड़ा गद्दार और अमेरिकी एजेंसियों का खबरी है
➤ पोस्ट में कहा गया कि लॉरेंस सलमान खान के नाम पर फेम लेता है और अन्य अपराधियों की मुखबिरी करता है
पंजाब और हरियाणा का कुख्यात लॉरेंस गैंग अब दो फाड़ हो चुका है। दोनों गुटों के बीच खुला संघर्ष देखने को मिल रहा है। हाल ही में विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर लॉरेंस बिश्नोई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि लॉरेंस अपने भाई अनमोल बिश्नोई को बचाने के लिए विदेशी एजेंसियों को देश की खुफिया जानकारी लीक कर रहा है।
पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि लॉरेंस देश के बाहर बैठे अन्य अपराधियों की गतिविधियों की मुखबिरी करता है। इसके अलावा, पोस्ट में कहा गया कि लॉरेंस सलमान खान के नाम पर फेम लेता है और कई मामलों में गलत गतिविधियों में लिप्त है।
पोस्ट में आगे लिखा गया कि हरी बॉक्सर के कहने पर गलत पोस्ट की जा रही है और मोटरसाइकिल चोरी करने वाला व्यक्ति उनसे माफी मांग चुका है। रोहित और गोल्डी ने लॉरेंस को “गद्दार और कुत्ता” कहा और अनुरोध किया कि उनका नाम और फोटो लॉरेंस के साथ न जोड़ा जाए। पोस्ट में लॉरेंस द्वारा विभिन्न गैंगस्टर नामों का उल्लेख किया गया, लेकिन रोहित और गोल्डी ने स्पष्ट किया कि वे उन सभी भाइयों के खिलाफ नहीं हैं और उन्होंने लॉरेंस के साथ उनके किसी भी संबंध को समाप्त कर दिया है।
यह पोस्ट लॉरेंस गैंग के भीतर चल रहे संघर्ष और विश्वसनीयता पर प्रश्न उठाने वाली घटनाओं का संकेत देती है। हालांकि, इस पोस्ट की पुष्टि किसी आधिकारिक स्रोत ने नहीं की है।