कुरुक्षेत्र में धान घोटाला: 6 मार्केट कमेटी सचिव चार्जशीट
Kurukshetra Paddy Scam, Market Committee, Haryana News, Cyber Cell Investigation, DFSC Data, Fake Gate Pass, Farmers Issue
- कुरुक्षेत्र के 6 मार्केट कमेटी सचिव चार्जशीट
- फर्जी गेट पास और IP एड्रेस दुरुपयोग के आरोप
- DFSC से डेटा मांगा, साइबर सेल करेगी IP जांच
कुरुक्षेत्र। हरियाणा में धान (जीरी) घोटाले की आंच अब कुरुक्षेत्र जिले तक पहुंच गई है। जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद जिला कुरुक्षेत्र के 6 मार्केट कमेटी सचिवों को चार्जशीट किया गया है। आरोप है कि मंडी खरीद प्रणाली में फर्जी गेट पास जारी कर अनधिकृत ढंग से धान की खरीद की गई।
जिन सचिवों पर कार्रवाई हुई है उनमें थानेसर कमेटी के हरजीत सिंह, पिहोवा के बलवान सिंह, शाहाबाद के कृष्ण मलिक, पिपली के गुरमीत सिंह, इस्माइलाबाद के चंद्र सिंह और लाडवा के संत कुमार शामिल हैं। प्रशासन ने SP कुरुक्षेत्र से इन कमेटियों के IP एड्रेस की जांच साइबर सेल से करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही DFSC विभाग से गेट पास, गेट कीपर आईडी, डेटा और IP एड्रेस भी मांगा गया है।
आरोप है कि इन सेक्रेटरी ने मिलर्स को गेट पास जारी करने के लिए अपना यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करवाया, जिसके आधार पर मंडी प्रणाली में फर्जी गेट पास काटे गए। किसानों ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और प्रशासन से की थी।
इस्माइलाबाद कमेटी के पूर्व सचिव चंद्र सिंह (वर्तमान सचिव नन्यौला, जिला अंबाला) ने माना कि IP एड्रेस को लेकर एक्शन हुआ है, लेकिन यूजर आईडी-पासवर्ड देने का आरोप गलत बताया। उनका कहना है कि सीजन के समय सिस्टम में फाल्ट आने पर कई बार मोबाइल से पास काटना पड़ता है, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
भारतीय किसान यूनियन पिहोवा ने आरोप लगाया कि सरकारी पोर्टल मेरी फसल मेरा ब्योरा में दर्ज आंकड़ों से ज्यादा धान की खरीद दिखाई गई है। जबकि, इस बार भारी बारिश, बाढ़, हल्दी रोग और फिजी वायरस से 81,095 एकड़ फसल प्रभावित हुई है और धान की पैदावार लगभग 40% कम दर्ज की गई है।
किसान नेताओं ने कहा कि जिले में औसत पैदावार हर साल 32–35 क्विंटल प्रति एकड़ रहती है, जबकि इस बार 18–20 क्विंटल ही हुई। उसके बावजूद खरीद में मात्र 3% की कमी दिखाना संदेह पैदा करता है।
प्रशासन का कहना है कि सभी साक्ष्यों की गहन जांच की जाएगी। जिम्मेदारों की पहचान होते ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Author1