हरियाणा में वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान में बवाल, पुलिस-युवा कांग्रेस में भिड़ंत, युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय चीब की आंख में चोट
करनाल में वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प हो गई। बैरिकेड्स तोड़ने पर तनाव बढ़ा और उदय चीब की आंख में चोट लगी।
• करनाल में वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान को लेकर बवाल
• युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जोरदार झड़प
• झड़प में युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय चीब की आंख में चोट
करनाल में शनिवार को वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के दौरान युवा कांग्रेस और पुलिस के बीच जोरदार झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड्स हटाने को लेकर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की तेज हो गई।
इस झड़प में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय चीब की आंख में चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने कानून हाथ में लेने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारी बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटाले और कथित वोट चोरी सहित कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस बल बढ़ाया गया और इलाके में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कई युवाओं को मौके से हिरासत में भी लिया गया है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ।
युवा कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि यह आंदोलन अब और तेज किया जाएगा और आने वाले दिनों में प्रदेश भर में बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे। उनका कहना है कि युवा अपने अधिकारों के लिए पीछे नहीं हटेंगे।
Author1