ट्रक के निचे कुचलकर युवक की दर्दनाक मौत
हिसार के अग्रोहा कस्बे के पास ट्रक के नीचे आने से 25 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। अग्रोहा पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज भेजकर मामले की जांच शुरू की है।
➤ हिसार के अग्रोहा कस्बे के पास ट्रक के नीचे आने से 25 वर्षीय युवक की मौत
➤ युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई, हाथ पर ग्लूकोज की सिरिंज लगी मिली
➤ अग्रोहा पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज भेजकर जांच शुरू की
हिसार जिले के अग्रोहा कस्बे के निकट सिरसा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय युवक अचानक गंगानगर से कोलकाता जा रहे ट्रक के पहियों के नीचे आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक सड़क किनारे खड़ा था, और उसके हाथ पर ग्लूकोज चढ़ाने वाली सिरिंज लगी हुई थी। लोअर और टी-शर्ट पहने युवक के अचानक ट्रक के नीचे आने से चालक ने वाहन को तुरंत सड़क किनारे रोका। आसपास मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
अग्रोहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की जेब से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों को सूचित कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी और हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा।