हरियाणा जमा ठंड की चपेट में: महेंद्रगढ़ 3.5 डिग्री पर पहुंचा
हरियाणा में बर्फीली हवाओं से कड़ाके की ठंड। महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री, अंबाला को छोड़ सभी जिलों का तापमान शिमला से कम। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी।
- उत्तरी हवा से बढ़ी ठंड, दिसंबर के पहले सप्ताह में ही कड़ाके की सर्दी
- महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा, न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज
- अंबाला को छोड़ सभी जिलों का तापमान शिमला से भी कम
हरियाणा में मौसम ने अचानक बेहद ठंडा रुख अपना लिया है। उत्तरी क्षेत्र से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली सूखी ठंड पड़ने लगी है। दिसंबर का आखिरी सप्ताह जैसी सर्दी इस बार पहले सप्ताह में ही महसूस की जा रही है। पिछले चार वर्षों की तुलना में दिसंबर 2025 का पहला सप्ताह सबसे ठंडा साबित हो रहा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को अंबाला को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों का न्यूनतम तापमान शिमला से भी कम रहा। हिमाचल प्रदेश के शिमला में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हरियाणा में स्थित कई शहर इससे काफी नीचे रहे।
प्रदेश में महेंद्रगढ़ की रात सबसे ज्यादा सर्द रही, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि हिसार 3.7 डिग्री पर रहा। नारनौल का न्यूनतम तापमान भी 3.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार इस बार लंबे समय तक हुई रिकॉर्डतोड़ बारिश का असर अब न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट के रूप में सामने आ रहा है। यही कारण है कि दिसंबर की शुरुआत में ही कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। पिछले वर्ष 4 दिसंबर को हिसार में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री था, जबकि इस बार यह 3.7 डिग्री पर पहुंच गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है तथा सुबह व रात की ठंड और ज्यादा बढ़ेगी।
Author1