ED की बड़ी कार्रवाई: 1 करोड़ की संपत्ति कुर्क, कोडिन सिरप सप्लाई का मामला, पानीपत से जुड़ा है मामला

ईडी ने PMLA मामले में विदित हेल्थकेयर की पानीपत स्थित 1 करोड़ की संपत्ति कुर्क की। कोडिन आधारित कफ सिरप की 16.74 करोड़ की अवैध सप्लाई का खुलासा।

ED की बड़ी कार्रवाई: 1 करोड़ की संपत्ति कुर्क, कोडिन सिरप सप्लाई का मामला, पानीपत से जुड़ा है मामला
  • ईडी ने 1 करोड़ रुपए की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क
  • अवैध कोडिन आधारित कफ सिरप सप्लाई से जुड़ा मामला
  • विदित हेल्थकेयर और निकल कंसल पर जारी है जांच


प्रवर्तन निदेशालय (ED), जम्मू उप आंचलिक कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम PMLA 2002 के तहत लगभग 1 करोड़ रुपए की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की है। कुर्क की गई संपत्ति में विदित हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड सिरमौर (HP) की पानीपत (हरियाणा) में औद्योगिक भूमि शामिल है।

एजेंसी ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई उन मामलों से जुड़ी है, जिनमें मेसर्स विदित हेल्थकेयर पर अवैध रूप से कोडिन आधारित कफ सिरप (CBCS) 'कोरेक्स' की सप्लाई के आरोप लगे थे। यह मामला NCB जम्मू द्वारा दर्ज किया गया था।

ED की जांच में सामने आया कि विदित हेल्थकेयर ने वर्ष 2018 से 2024 के बीच लगभग 16.74 करोड़ रुपए का CBCS, मेसर्स एस इंडस्ट्री, कंसल इंडस्ट्री, नविता फार्मा, कंसल फार्मास्यूटिकल्स और NK फार्मास्यूटिकल्स को सप्लाई किया। ये सभी संस्थान निकल कंसल के नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि सीरप की अवैध सप्लाई से लगभग 2.92 करोड़ रुपए का लाभ कमाया गया था। इसी सप्लाई का एक हिस्सा श्रीनगर निवासी रईस अहमद भट्ट को दिया गया था, जिसके पास से 14 जनवरी 2024 को NCB ने बड़ी मात्रा में CBCS जब्त किया था।

ED ने इस मामले में 13 फरवरी 2025 को नीरज भाटिया और निकल कंसल के ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें 32 लाख रुपए नकद और 1.61 करोड़ रुपए के आभूषण जब्त किए गए थे। इसके बाद अब पानीपत स्थित लगभग 1 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति कुर्क की गई है।

एजेंसी ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।