सिक्‍योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर लाखों की लूट, जानें पूरा मामला

Bahadurgarh robbery, ESI hospital loot, copper wire theft, Haryana crime, HSIIDC, Security guards hostage

सिक्‍योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर  लाखों की लूट, जानें पूरा मामला

➤ ESI अस्पताल में लूट, सिक्योरिटी गार्डों को बंधक बनाया
➤कॉपर वायर और स्ट्रिप सहित लाखों का सामान ले गए लुटेरे
➤पुलिस ने मामला दर्ज, सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाशने में जुटी



बहादुरगढ़ में औद्योगिक सेक्टर 4B स्थित निर्माणाधीन ESI अस्पताल में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। तीन से चार लुटेरे देर रात अस्पताल परिसर में घुसे और वहां ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्डों को बंधक बनाकर लाखों रुपए का कॉपर वायर और अन्य सामान लूट लिया। यह घटना 6 दिसंबर की रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।

लुटेरों ने भीतर घुसते ही गार्डों के साथ मारपीट की और उन्हें मैस में बंद कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि आवाज उठाई या बाहर निकलने की कोशिश की तो जान से मार देंगे। घटना के वक्त तीन-चार सुरक्षा कर्मी अस्पताल में तैनात थे। कुछ समय बाद गार्ड किसी तरह बंधन मुक्त हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

शिकायतकर्ता राजकिशोर शुक्ला ने बताया कि लुटेरों ने अस्पताल से 6 बंडल कॉपर स्ट्रिप, 20 कॉपर प्लेट, करीब 37,600 मीटर कॉपर वायर सहित कई अन्य सामग्री उठा ली और फरार हो गए। घटना के बाद परिसर में बिखरा सामान लूट की गंभीरता को दर्शाता है।

सूचना मिलने पर थाना सेक्टर 6 पुलिस मौके पर पहुंची, स्थल का निरीक्षण किया और गार्डों के बयान दर्ज किए। ASI सुरेंद्र ने बताया कि सिक्योरिटी गार्डों को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। उनके बयान पर पुलिस ने धारा 127(2), 3(5), 309(4), 351(3) BMS के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि लुटेरों की संख्या तीन से चार थी और घटना को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे यह योजनाबद्ध लूट प्रतीत होती है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।